दयानंद विद्यालय में मनाई गई मुंशी प्रेमचंद जयंती
आसनसोल । दयानंद विद्यालय में हिंदी साहित्य के महान कथाकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती बड़े ही श्रद्धा और साहित्यिक वातावरण के बीच मनाई गई। इस अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर छात्रों को प्रेमचंद जी के जीवन और साहित्य से अवगत कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा 5 से 8 के छात्रों के लिए आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने प्रेमचंद की कहानियों, सामाजिक संदेशों और ग्रामीण जीवन को चित्रों के माध्यम से जीवंत कर दिया। इसके पश्चात एक हिंदी क्विज प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन स्वपन कुमार धासी द्वारा किया गया, जिन्होंने अपनी प्रभावशाली शैली से पूरे आयोजन को रोचक बनाए रखा। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को संबोधित किया गया।
उदय कुमार सिंह, दिलीप नारायण मिश्रा एवं रवि कुमार ने अपने प्रेरणादायक वक्तव्यों के माध्यम से मुंशी प्रेमचंद के साहित्य, सामाजिक सरोकार और मानवीय मूल्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विद्यालय के सम्माननीय शिक्षकगण उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से नारायण पासवान (शिक्षक प्रभारी), राजेश पासी, कृष्ण कुमार ठाकुर, आनंद साव, अंकित कुमार, हेमंत कुमार, विक्रम कुमार रजक, सुनील ठाकुर एवं अन्य सभी शिक्षकगण की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामयी स्वरूप प्रदान किया अंत में कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक प्रभारी नारायण पासवान द्वारा किया गया। यह आयोजन छात्रों में साहित्य, संस्कृति और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सफल प्रयास रहा।


















