पीबीडीसीए का शतरंज ओरियंटेशन कार्यक्रम का हुआ सफल आयोजन
आसनसोल । पश्चिम बर्दवान डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन (पीबीडीसीए) द्वारा विद्यालय स्तर पर शतरंज शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय शतरंज ओरियंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम के संचालक थे इंटरनेशनल चेस मास्टर अतनु लाहिड़ी, जो कि पांच देशों के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कोच, पूर्व कॉमनवेल्थ शतरंज चैंपियन और बंगाल शतरंज संघ के मुख्य संरक्षक हैं।

कार्यक्रम के तहत पीबीडीसीए अध्यक्ष मुकेश कुमार तोदी, कार्यकारी अध्यक्ष तपन दासगुप्ता, उपाध्यक्ष मधु डुमरेवाल तथा कोषाध्यक्ष दामोदर कुमार के नेतृत्व में आसनसोल इंटरनेशनल स्कूल, श्रीश्री अकादमी, कन्यापुर हाई स्कूल और फीड विद्यालय का दौरा किया गया। छात्रों को शतरंज के मूल नियमों, रणनीतियों और खेल की महत्ता से अवगत कराया गया।

इस अभियान में लगभग 400 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी स्कूल प्रमुखों डॉ. एके शर्मा, सौरमिष्ठा चंदा पॉल, कप्तान आलोकेश सेन, मौसमी बनर्जी, सुरजीत भट्टाचार्य, बर्नवाल तिवारी, चंद्रशेखर कुंडू सभी के द्वारा कार्यक्रम में पूरे उत्साह से सहयोग दिया गया और उन्होंने भविष्य में चेस एडुकेशन को जारी रखने में रुचि भी व्यक्त की।
यह पहल न केवल शतरंज के प्रति बच्चों में रुचि विकसित करने की दिशा में सार्थक कदम है, बल्कि मानसिक विकास और एकाग्रता बढ़ाने का भी सशक्त माध्यम भी है।


















