चुरुलिया के जर्जर रास्तों की मरम्मत की मांग पर भाजपा का प्रदर्शन
जामुड़िया । जामुड़िया के चुरुलिया में रविवार रास्तों के जर्जर अवस्था की मरम्मत की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष तापस कुमार राय का आरोप है कि जब वे लोगों की वाजिब मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। तब टीएमसी की मदद से कुछ असामाजिक तत्व आए और उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन से हटाने की कोशिश की।
तापस राय ने कहा कि यह एक लोकतांत्रिक राष्ट्र है। यहां पर इस राज्य की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी को आंदोलन करने का अधिकार क्यों नहीं है। रास्तों की हालत इतनी ज्यादा खराब है कि आए दिन हादसे हो रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर आज आंदोलन किया जा रहा था। तब टीएमसी की मदद से कुछ गुंडे आए और उन्हें हटाने की कोशिश की। तापस राय ने कहा कि अगर इसी तरह लोकतांत्रिक आंदोलन को कुचलने की कोशिश की जाती रही तो आने वाले समय में भाजपा बड़े पैमाने पर आंदोलन करेगा।
हालांकि इस बारे में स्थानीय टीएमसी नेता से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम के बाद रास्तों की मरम्मत की जाएगी। आज भाजपा बेवजह लोगों को परेशान कर रहे थे। इसलिए स्थानीय लोगों द्वारा ही उन्हें हटने के लिए कहा गया। जब टीएमसी नेता से यह कहा गया कि भाजपा आने वाले समय में बड़े पैमाने पर आंदोलन की बात कह रही है तो इस पर टीएमसी नेता ने कहा कि उन्हें पहले बताना होगा कि वह किस मुद्दे पर आंदोलन करना चाहते हैं। यहां जनता खुश है ममता बनर्जी के नेतृत्व में विकास के जो कार्य किया जा रहे हैं। उससे जनता संतुष्ट है। ऐसे में भाजपा के पास आंदोलन का कोई मुद्दा नहीं है। लेकिन फिर भी अगर भाजपा द्वारा लोगों को परेशान करने के लिए आंदोलन किया गया तो या तो पुलिस उन्हें गिरफ्तार करेगी नहीं तो वह ही उनका इंतजाम कर देंगे।


















