थाईलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में रेफरी के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे आसनसोल के देवाशीष दत्ता
आसनसोल । पश्चिम बर्दवान ताइक्वांडो जिला संघ के सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो रेफरी देवाशीष दत्ता शुक्रवार को थाईलैंड के लिए रवाना हुए, जहां वे 8वीं हीरोज़ ताइक्वांडो अंतरराष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025 में भारत की ओर से रेफरी की भूमिका निभाएंगे। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 9 से 10 अगस्त 2025 तक पटाया सिटी, थाईलैंड में आयोजित की जा रही है, जिसमें 27 देशों के 3227 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। देवाशीष दत्ता को आयोजन समिति द्वारा विशेष आमंत्रण मिला है, जो उनके निष्पक्ष निर्णय, अनुभव और समर्पण को दर्शाता है। यह अवसर भारत के लिए गौरव का प्रतीक है। इस अवसर पर श्री दत्ता ने कहा – “यह मेरे लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और विश्व ताइक्वांडो के नियमों के अनुरूप अपना दायित्व निभाऊंगा।” उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें आर्य समाज, आसनसोल के प्रधान जगदीश प्रसाद केडिया द्वारा विशेष शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। साथ ही, उन्हें शुभकामनाएं देने वालों में शामिल रहे डीएवी हाई स्कूल के शिक्षक प्रभारी उपेंद्र कुमार सिंह, सहशिक्षक प्रभारी श्री जवाहर संगुई, दयानंद विद्यालय के शिक्षक प्रभारी नारायण पासवान, सहशिक्षक प्रभारी रवि कुमार तथा आर्य कन्या उच्च विद्यालय की शिक्षिका प्रभारी पूनम भारती सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं। श्री दत्ता की यह नियुक्ति न केवल राज्य, बल्कि पूरे भारत के ताइक्वांडो समुदाय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी यह भागीदारी भविष्य के युवाओं और रेफरियों को नई दिशा देगी।


















