पाण्डेश्वर में विधायक व अधिकारी के बीच विवाद, वीडियो वायरल
पांडवेश्वर । स्वतंत्रता दिवस के दिन पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान पांडवेश्वर के विधायक नरेन्द्रनाथ चक्रवर्ती और वन विभाग के डीएफओ अनूपम खान को लेकर विवाद सामने आया है। विधायक द्वारा डीएफओ को फटकार लगाते हुए एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया है। हालांकि वीडियो की सत्यता की पुष्टि शिल्पांचल टुडे ने नहीं की है। भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी ने अपने इंटरनेट पेज पर वीडियो शेयर भी किया है। जानकारी के अनुसार, पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के लावदोहा ब्लाक अंतर्गत बांशगड़ा मौजा में जिला मिनरल फाउंडेशन की आर्थिक सहायता से वन विभाग की ओर से शुक्रवार पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर मंत्री प्रदीप मजूमदार, एडीडीए चेयरमैन कवि दत्ता, जिलाशासक पन्नमबलम एस, एसडीएम डा सौरव चटर्जी समेत कई अधिकारी मौजूद थे। वायरल वीडियो में विधायक को डीएफओ से यह कहते हुए सुना जो वीडियो में साफ दिख रहा है कि विधायक कह रहे हैं उन्हें हराने की साजिश हो रही है।
इसका मतलब है कि वे हार से डर गए हैं, इसलिए गुस्से में अधिकारी को सबके सामने डांट रहे हैं। उक्त बाते पूर्व विधायक सह भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी ने कही। नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने कहा कि पांडवेश्वर इतने लोगों के लिए वैकल्पिक रोजगार की व्यवस्था किए बिना कैसे कोई परियोजना लागू हो सकती है? अधिकतर लोग आदिवासी हैं। उनकी रोजी-रोटी का क्या होगा? विधायक होने के नाते मुझसे चर्चा की जा सकती थी। यह कार्यक्रम उनके विधानसभा क्षेत्र में हो रहा है, फिर भी उनसे किसी तरह की चर्चा नहीं की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि उस इलाके के लगभग 12 हजार गरीब लोग पत्थर निकालकर जीविका चलाते हैं। यहां पौधारोपण होने पर उनकी रोजी-रोटी का क्या होगा ?





































