रेलपार में कई महिला और पुरुषों ने थमा कांग्रेस का दामन
आसनसोल । आसनसोल के रेलपार इलाके के 24 तथा 25 नंबर वार्ड के कई महिलाओं और पुरुषों ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस मौके पर यहां कांग्रेस पार्षद एसएम मुस्तफा, कांग्रेस प्रदेश कमेटी सचिव प्रसेनजित पुईतुंडी, कांग्रेस के पश्चिम बर्दवान जिले के अल्पसंख्यक सेल के अध्यक्ष फिरोज खान तथा कई कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे। आसनसोल के ओके रोड जिक्रा मस्जिद रोड इलाके में स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय में यह कार्यक्रम हुआ। इस मौके पर प्रसेनजीत पुईतुंडी ने कहा कि जिस तरह से राहुल गांधी बिहार में वोट चोरी को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और पूरे विपक्ष को भाजपा के खिलाफ लामबंद कर रहे हैं।
यह उसी का नतीजा है कि आज विभिन्न पार्टियों के नेता बिहार पहुंच रहे हैं और राहुल गांधी के इस संघर्ष में उनके साथ दे रहे हैं। लेकिन टीएमसी ऐसा नहीं कर रही है। 1 तारीख को पटना में राहुल गांधी द्वारा भाजपा के वोट चोरी और भ्रष्टाचार को उजागर करते हुए विशाल जनसभा की जाएगी। जहां पर इंडिया गठबंधन के सभी शामिल होंगे।लेकिन टीएमसी द्वारा उसे जनसभा से दूरी बना ली गई है। इसकी वजह यह है कि वह बंगाल में चाहती है कि भाजपा फले फुले ताकि यहां के अल्पसंख्यक समुदाय को भाजपा का डर दिखाकर वह अल्पसंख्यक समुदाय को अपने साथ रख सके। लेकिन उनके विकास के लिए कोई काम नहीं करना है। इसी के खिलाफ आज यहां के अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं और युवाओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। ताकि वह राहुल गांधी के हाथों को मजबूत कर सकें। वहीं इस बारे में जब हमने कांग्रेस में शामिल हुई कुछ महिलाओं से बातकी तो उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ही नरेंद्र मोदी को हरा सकती है इसीलिए वह आज कांग्रेस में शामिल हो गई।


















