मतदाता सूची को प्रभावित करने के लिए ईआरओ और बीएलओ का किया जा रहा गलत इस्तेमाल – जितेंद्र तिवारी
आसनसोल । आसनसोल नगर निगम के पूर्व मेयर, पाण्डेश्वर के पूर्व विधायक सह भाजपा प्रदेश कमेटी सदस्य जितेंद्र तिवारी ने आसनसोल के गोधूलि स्थित अपने आवासीय कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी साल होने वाले बंगाल विधानसभा चुनाव को देखते हुए बंगाल में मतदाता सूची के संशोधन का कार्य चल रहा है। इसके लिए इलेक्शन कमीशन हर बुथ स्तर पर बीएलओ या बुथ लेवल ऑफिसर की नियुक्ति करता है। स्थानीय ईआरओ के जरिए यह नियुक्ति होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ पांडवेश्वर के विधायक नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती के प्रभाव में आकर बुथ लेवल ऑफिसर की नियुक्ति कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पांडवेश्वर के विधायक अपने विधायक कार्यालय में बैठकर जिन लोगों को बीएलओ बनाने के लिए ईआरओ के पास नाम की सूची भेजते हैं। वह बिना किसी पुष्टि के उनके नाम पर मोहर लगा देते हैं, जिससे ऐसे कई लोग बीएलओ बन चुके हैं जो प्रत्यक्ष रूप से राजनीति से जुड़े हुए हैं, ऐसे में उनसे निष्पक्षता की उम्मीद कैसे की जा सकती है। जितेंद्र तिवारी ने यह आरोप भी लगाया कि पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के 239 बुथों में से 103 ऐसे बुथ हैं जहां पर ऐसे व्यक्ति को बीएलओ बनाया गया है जो उस बुथ के वोटर ही नहीं है, जितेंद्र तिवारी ने साफ कहा कि चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार ग्रामीण इलाकों में ऐसे व्यक्ति को ही किसी एक बुथ का बीएलओ बनाया जा सकता है जहां का वह मतदाता हो। लेकिन चुनाव आयोग के नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए पांडवेश्वर विधानसभा में किसी को बांकुड़ा से तो किसी को रानीगंज से जामुरिया से यहां तक की दुबराजपुर से भी लाकर बीएलओ बनाया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाए कि पूरे पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र में 40000 नाम का व पता नहीं चल पा रहा है। उन्होंने कहा कि कम से कम 50 ऐसे लोगों को बीएलओ बनाया गया है जो सक्रिय रूप से राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि पांडवेश्वर क्षेत्र के जो स्थानीय भाजपा नेता और कार्यकर्ता है। उन्होंने इन सभी विसंगतियों को उजागर किया है दस्तावेज बनाया है और पश्चिम बंगाल के चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर को यह सारा भेजा जाएगा और शिकायत दर्ज कराई जाएगी। उनसे मांग की जाएगी कि जहां पर भी इस तरह की विसंगतियां हैं। वहां पर कड़ी कार्रवाई की जाए। जितेंद्र तिवारी ने आरोप लगाया कि पांडवेश्वर के विधायक नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती द्वारा सीधे तौर पर मतदाता सूची को प्रभावित करने के लिए ईआरओ और बीएलओ का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है।




















