स्टाम्प शुल्क और पंजीकरण शुल्क में वृद्धि होने से रियल एस्टेट और आम लोगों पर पड़ेगा सीधा असर – शंभू नाथ झा
आसनसोल । आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभू नाथ झा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर कहा कि उनकी हार्दिक इच्छा है कि हमारा पश्चिम बंगाल सदैव अग्रणी रहे। हालांकि, सरकार द्वारा हाल ही में लिए गए कुछ निर्णयों से संकेत मिलता है कि आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल काफ़ी पिछड़ जाएगा। हम सभी इस पर अपनी चिंता व्यक्त करते हैं। सरकार ने ज़मीन के सरकारी मूल्य में अचानक 35 से 40 फीसदी की वृद्धि कर दी है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। इससे स्टाम्प शुल्क और पंजीकरण शुल्क में वृद्धि होगी। इसका असर रियल एस्टेट और आम लोगों, दोनों पर पड़ेगा। इसके अतिरिक्त, आपने उद्योगों के लिए अनुदान और प्रोत्साहन समाप्त कर दिए हैं, जो पश्चिम बंगाल के उद्योग के लिए अच्छा संकेत नहीं है। इन मुद्दों पर चर्चा आवश्यक है। उन्होंने आशा व्यक्त किया है कि आप इस पर विचार करेंगी और पश्चिम बंगाल को पिछड़ने से बचाने के लिए कुछ सकारात्मक कदम उठाएंगी। अन्य राज्यों में उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है, तो फिर हमारा राज्य ऐसा व्यवहार क्यों कर रहा है? आपसे बहुत उम्मीदें हैं कि आप पश्चिम बंगाल को और आगे ले जाने में सक्षम हैं।





















