स्टाम्प शुल्क और पंजीकरण शुल्क में वृद्धि अब पुराने दर से लिया जा रहा है – शंभू नाथ झा
राज्य की मुख्यमंत्री को दिया जाएगा धन्यवाद
आसनसोल । आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभू नाथ झा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बीते दिनों पत्र लिखकर कहा कि उनकी हार्दिक इच्छा है कि हमारा पश्चिम बंगाल सदैव अग्रणी रहे। वहीं उन्होंने लिखा था कि सरकार द्वारा हाल ही में लिए गए कुछ निर्णयों से संकेत मिलता है कि आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल काफ़ी पिछड़ जाएगा। हम सभी इस पर अपनी चिंता व्यक्त करते हैं। सरकार ने ज़मीन के सरकारी दर में अचानक 35 से 40 फीसदी की वृद्धि कर दी है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। इससे स्टाम्प शुल्क और पंजीकरण शुल्क में वृद्धि होगी। इसका असर रियल एस्टेट और आम लोगों, दोनों पर पड़ेगा। इसके अतिरिक्त, आपने उद्योगों के लिए अनुदान और प्रोत्साहन समाप्त कर दिए हैं, जो पश्चिम बंगाल के उद्योग के लिए अच्छा संकेत नहीं है। वहीं आज देखा गया कि पुराने दर से जमीन शुल्क काटा जा रहा है। इस बात पर खुशी व्यक्त करते हुए शंभू नाथ झा ने कहा कि सोमवार को आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के भवन में एक बैठक कर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को इसके लिए धन्यवाद दिया जाएगा।





















