जामुरिया नामोपाड़ा फ्री प्राइमरी स्कूल में जरूरतमंद आदिवासी छात्रों के बीच वितरण किए गए नए वस्त्र
आसनसोल । सोमवार जामुरिया नामोपाड़ा फ्री प्राइमरी स्कूल प्रांगण में एक विशेष सामाजिक पहल के तहत जरूरतमंद आदिवासी छात्रों को नए वस्त्र वितरित किए गए। दुर्गापूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि बंगाल का सबसे बड़ा उत्सव है, जब समाज का हर वर्ग अपने परिजनों के लिए नए वस्त्र और उपहार खरीदने का प्रयास करता है। लेकिन अब भी कई परिवार आर्थिक अभाव के कारण इस आनंद से वंचित रहते हैं।
इसे ध्यान में रखते हुए आसनसोल स्थित बनवारीलाल भलोटिया कॉलेज के वाणिज्य विभाग के वर्तमान एवं पूर्व छात्रों ने अपने पॉकेट मनी और परिचितों के सहयोग से धन संग्रह कर आदिवासी छात्रों के लिए नए वस्त्र खरीदे। इस नेक कार्य में कॉलेज के प्राध्यापकगण भी सक्रिय रूप से सहयोगी बने। साथ ही टीडीबी कॉलेज रानीगंज, दुर्गापुर गवर्नमेंट कॉलेज और कोलकाता के कई कॉलेजों के शिक्षक-शिक्षार्थी भी इसमें सम्मिलित हुए। कई महिला उद्यमियों एवं उद्योग जगत की हस्तियों ने भी सहायता का हाथ बढ़ाया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित थे पश्चिम बर्दवान जिले के स्कूल शिक्षा समिति के चेयरमैन रवींद्रनाथ मजूमदार तथा बनवारीलाल भलोटिया कॉलेज, आसनसोल के प्राचार्य डॉ अमिताभ बासु उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने पूरे आयोजन को और अधिक प्रेरणादायी बना दिया। आयोजकों का कहना है कि इस प्रकार की पहल से छात्रों के भीतर सामाजिक उत्तरदायित्व और कर्तव्यबोध की भावना का विकास होता है। आज के भौतिकवादी समय में जहां लोग प्रायः मानवीय कर्तव्यों को भूल जाते हैं, वहां इस तरह का प्रयास समाज को नई दिशा प्रदान करता है।
































