तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बर्दवान जिले में ब्लॉक कमेटी की घोषणा की, कई नए चेहरों को मिली जगह
आसनसोल(भरत पासवान)। तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बर्दवान जिले की ब्लॉक स्तरीय कमेटी की घोषणा गुरुवार को की गई। जिले की कुल 16 ब्लॉक कमेटी के पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की गई। इनमें सबसे महत्वपूर्ण बदलाव आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र और कुल्टी क्षेत्र में देखने को मिले हैं। यहां पुरानी समिति के पदाधिकारियों को हटा दिया गया है। उनकी जगह नए चेहरे लाए गए हैं। वहीं बाराबनी, सालानपुर, चित्तरंजन, आसनसोल उत्तर और जामुडिया सहित पश्चिम बर्दवान जिले के अन्य ब्लॉकों में बहुत कम बदलाव हुए हैं। वहां पुराने लोगों पर भरोसा रखा गया है। आसनसोल दक्षिण टाउन ब्लॉक अध्यक्ष अनूप माजी के स्थान पर पूर्णेंदु चौधरी उर्फ टीपू को नया ब्लॉक अध्यक्ष और उत्पल सेन को आईएनटीटीयूसी का ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। आसनसोल उत्तर 1 और उत्तर 2 के अध्यक्षों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। गुरुदास उर्फ रॉकेट चटर्जी उत्तर 1 के अध्यक्ष हैं। राजू अहलूवालिया को आसनसोल उत्तर 1 के आईएनटीटीयूसी का अध्यक्ष बनाया गया है। ज्योति सिंह को रानीगंज ब्लॉक टाउन ब्लॉक का अध्यक्ष बनाया गया है। सायंतन मुखर्जी को आसनसोल दक्षिण ग्रामीण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कुल्टी ब्लॉक को दो भागों में विभाजित किया गया है। कुल्टी सिटी 1 को आसनसोल नगर निगम के वार्ड 60, 61, 69, 71 से 74 और 99 से 105 के साथ बनाया गया है। आदिनाथ पुइतंडी को कुल्टी टाउन 1 ब्लॉक का अध्यक्ष बनाया गया है। (बादल) कंचन रॉय को ब्लॉक 2 का अध्यक्ष बनाया गया है। अमित यादव को कुल्टी ब्लॉक 2 युवा का अध्यक्ष बनाया गया है। बताया जा रहा है कि ब्लॉक से हटाए गए पदाधिकारियों को जिला कमेटी में जगह दी जाएगी। यह भी पता चला है कि 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को मजबूत करने वाले नेताओं को ब्लॉक कमेटी में शामिल किया गया है।

































