स्वच्छता ही सेवा- 2025 के अंतर्गत आसनसोल मंडल के फूड एवं किचन परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया
आसनसोल । चल रहे स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान के अंतर्गत पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने अपने स्टेशनों, फूड प्लाजा एवं किचन परिसरों में सघन सफाई अभियान चलाया। इन गतिविधियों का उद्देश्य यात्रियों और कर्मचारियों के लिए भोजन उपलब्ध कराने वाले रेलवे परिसरों में स्वच्छता, साफ-सफाई और समग्र स्वच्छता सुनिश्चित करना था।
उक्त अभियान के एक हिस्सा के रूप में बहु-विषयक क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान(एमडीजेडटीआई)/ भूली के प्रधानाचार्य के नेतृत्व में एमडीजेडटीआई के मेस किचन की गहन साफ-सफाई की गई।
इसी क्रम में आसनसोल, दुर्गापुर और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर फूड ट्रैक और फूड प्लाजा की सावधानीपूर्वक साफ-सफाई की गई, जबकि रानीगंज, सिउड़ी,बराकर और देवघर स्टेशनों के प्लेटफार्म और रिफ्रेशमेंट क्षेत्रों की विशेष सफाई की गई।
सिमुलतला स्टेशन पर स्वच्छता पहल में विक्रेताओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया, जो उच्च स्वच्छता मानकों को बनाए रखने के लिए आसनसोल मंडल के सहयोगात्मक प्रयास को दर्शाता है।
बेस किचन आसनसोल और इलेक्ट्रिक लोको सेड(ईएलएस)/टीआरएस आसनसोल कैंटीन सहित बेस किचन पर विशेष ध्यान दिया गया, जहाँ किचन की साफ-सफाई और निरीक्षण से उचित स्वच्छता प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित हुआ। इस कार्यक्रम में जसीडीह स्टेशन पर रिफ्रेशमेंट रूम और भोजन परिसरों की सफाई और सीतारामपुर रेलवे स्टेशन पर बेस किचन, रेस्टोरेंट और फूड स्टॉल की सफाई भी शामिल थी ताकि यात्रियों की सुविधा और संरक्षा बढ़ाई जा सके।
स्वच्छता ही सेवा 2025 के तहत ये पहल यात्रियों और कर्मचारियों के लिए स्वच्छ और स्वास्थ्यकर वातावरण बनाए रखने, परिचालन मानकों को मजबूत करने और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के आसनसोल मंडल के प्रयासों को दर्शाती हैं।
































