बराकर गुरुद्वारा में धूमधाम से मनाया गया श्री गुरु रामदास जी का 491वां प्रकाश पर्व
बराकर । गुरुद्वारा श्री गुरु गोबिंद सिंह जी, हनुमान चैरई, बराकर में बुधवार को धन धन श्री गुरु रामदास जी का 491वां प्रकाश पर्व बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव से मनाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ गुरुद्वारा में उमड़ पड़ी और पूरे परिसर में “सतनाम वाहेगुरू” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत अमृतसर श्री दरबार साहिब के हजूरी रागी भाई निर्भय सिंह द्वारा मधुर गुरबाणी कीर्तन से हुई, जिसने संगत को भावविभोर कर दिया। इसके पश्चात् भाई रंजीत सिंह (हेड ग्रंथी, गुरुद्वारा बंगला साहिब) ने श्री गुरु रामदास जी के जीवन और उनके उपदेशों पर आधारित प्रेरक गुरमत विचार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी बराकर के प्रधान सरदार जोगिंदर सिंह, सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार तेजेंद्र सिंह, सेवा खालसा दल के सरदार दलविंदर सिंह, सरदार मलकीत सिंह तथा कोलकाता के समाजसेवी सरदार मंजीत सिंह जीती सहित कई सम्मानित गणमान्य व्यक्तित्व मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में गुरु का अटूट लंगर लगाया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन गुरुद्वारे का माहौल भक्ति, सेवा और संगत की एकता की मिसाल बन गया।
गुरुद्वारा प्रबंधन समिति की ओर से बताया गया कि यह आयोजन संगत के सहयोग और सेवा भावना के कारण बेहद सफल रहा। समिति ने भविष्य में भी इसी प्रकार के धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन की घोषणा की।




















