पानी की समस्या को लेकर लोगों ने किया सड़क जाम
जामुड़िया । गुरुवार को नगर निगम के 9 नंबर वार्ड के लोगों ने पानी की कमी से परेशान होकर चांदा से जमुड़िया जाने वाले रोड को जाम कर दिया। दुर्गा मंदिर के पास यह अवरोध लगभग 2 घंटे तक रहा। इस कारण गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। स्थानीय लोगों ने कहा कि बीते कई दिनों से उनको पीने का पानी नहीं मिल रहा है, जिस वजह से मजबूरी में उन्हें रोड जाम करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब से काला झरिया में पीएचई पाइपलाइन में समस्या आई थी। तब से ही उनके इलाके में पानी की कमी देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर 12.30 बजे तक समस्या दूर नहीं हुई तो बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले 15 दिनों से उनके इलाके में पानी नहीं है। इस संदर्भ में जब स्थानीय पार्षद से बात की तो उन्होंने कहा कि काला झरिया में पीएचई पाइपलाइन में समस्या उत्पन्न होने की वजह से यह पानी की समस्या हो रही है। उन्होंने कहा कि 9 नंबर वार्ड ऊंचाई पर है इसलिए किसी तरह से जो पानी की आपूर्ति की जा रही है। वह इलाके के लोगों तक पहुंच नहीं रही है। लेकिन इसको लेकर उन्होंने अधिकारियों से बात की है और टैंकर से पानी की आपूर्ति की जाएगी। उन्होंने जल्द से जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।




















