हजारों की संख्या में कल्ला प्रभु छठ घाट पर पहुंचे श्रद्धालु
आसनसोल । पूरे देश के साथ-साथ सोमवार आसनसोल में भी छठ का पहला अर्घ्य प्रदान किया गया। आसनसोल के सबसे छठ घाटों में से एक कल्ला के प्रभु छठ घाट पर हर साल की तरह इस साल भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु आए और उन्होंने पहला अर्घ्य दिया। ली क्लब के तत्वधान में समाजसेवी कृष्ण प्रसाद के संचालन में यहां पर पिछले 48 वर्षों से छठ का आयोजन किया जाता रहा है।
इस बार भी प्रभु छठ घाट पर श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाट तक पहुंचने के रास्ते को साफ सुथरा किया गया था। किसी भी श्रद्धालु को कोई परेशानी न हो इसका खास ख्याल रखा गया था। वहीं स्वेच्छा सेवक और वॉलिंटियरों की टीम तैयार की गई थी। ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटा जाए और अगर कहीं किसी को मदद की जरूरत पड़े तो वह भी किया जाए। कृष्णा प्रसाद द्वारा सबसे पहले स्व. प्रभु कुशवाहा की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्वलित किया। उन्होंने मंच पर उपस्थित सभी विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया।
कृष्ण प्रसाद ने कहा कि हर साल की तरह इस साल भी पूरी श्रद्धा के साथ प्रभु छठ घाट पर छठ का आयोजन किया जा रहा है। हजारों की संख्या में श्रद्धालु आए हैं। उन्होंने कहा कि जिस श्रद्धा के साथ लोग यहां पर आते हैं। वह देखकर उन्हें काफी खुशी होती है, क्योंकि यहां सिर्फ आसनसोल नहीं बल्कि देश के विभिन्न क्षेत्रों से भी श्रद्धालु आते हैं। वहीं जैसे ही अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देने का समय आया तो श्रद्धालु नदी के जल में उतरे और उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ पहले अर्घ्य निवेदित किया। इसके उपरांत सभी श्रद्धालु अपने-अपने घरों की तरफ जाने लगे। अब कल जब सूरज उगेगा तब फिर से यह श्रद्धालु उगते हुए सूर्य को अर्घ देने आएंगे और इसके साथ आस्था के इस महापर्व का समापन होगा।
