श्री श्याम जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
आसनसोल । श्री श्याम बाबा के जन्मोत्सव पर श्री श्याम सेवा ट्रस्ट द्वारा एकादशी के दिन बाबा श्याम का भव्य दरबार आसनसोल राहा लेन स्थित श्री श्याम मंदिर में लगाया गया। बाबा का अलौकिक शृंगार एवं अखंड ज्योत तथा भक्तों की अपार भीड़ श्याम मंदिर के दरबार को जगमगा रही थी। आसनसोल नरेश के दरबार में नजारा देखने ही बन रहा था।
ऐसा लग रहा था मानो खाटू धाम आसनसोल में उतर आया हो। श्याम मंदिर के आसपास विभिन्न स्थानों को लाइट से सजाया गया। देर रात तक भक्त गण सुधबुध खोकर भजनों पर झूमते रहे। यहां रानीगंज के विधायक तापस बनर्जी, आसनसोल के उपमेयर अभिजीत घटक समेत अन्य विशिष्ट लोगों ने भी हाजिरी लगाई। सर्वप्रथम 5 बजे श्याम बाबा की ज्योत जलाई गई। उसके पश्चात बार-बार को सवामणि का भोग लगाया गया।
आरती के बाद सर्वप्रथम गणेश वंदना की गई एवं उसके उपरांत सजा दो घर को गुलशन सा, एवं तुझे आना होगा जैसे भजनों पर खूब आनंद आया। रासलीला, फूलों की वर्षा इत्र की महक एवं अलौकिक भव्य दरबार आज आसनसोल नरेश का सजाया गया। शिखा भार्गवा और जस्सी सैनी ने बाबा श्याम के दरबार में मीठे-मीठे भजनों की हाजिरी लगाई और पूरा आसनसोल श्याम मय हो गया। श्याम प्रेमी उनके भजनों पर अपने आप को रोक नहीं पाए और सभी श्याम प्रेमी झूम उठे। मंदिर संचालन समिति के सदस्य आनंद पारीक ने बताया कि इस भजन संध्या में अनेक भक्तों ने सवामणी छप्पन भोग आदि का प्रसाद चढ़ाया ।
आसनसोल के साथ-साथ कुल्टी, रानीगंज, दुर्गापुर धनबाद, झरिया, बराकर, बर्नपुर आदि आदि स्थानों से श्याम प्रेमी पधारे थे। सभी श्याम प्रेमियों के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया था। इस अवसर पर श्याम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष सीताराम बगड़िया, सचिव दीपक तोदी, कोषाध्यक्ष दिलीप पसारी, विष्णु जालुका, महेश शर्मा, सियाराम अग्रवाल, मुकेश तोदी, जितेन्द्र सिंह, राजेश पसारी, संजय ड्रोलिया, मनोज अग्रवाल, अभिषेक केडिया , मनोज मुकीम मंदिर के पुजारी के साथ-साथ अनेक श्याम प्रेमी एवं श्याम सखी उपस्थित थे। एकादशी के कीर्तन के दिन देर रात तक सभी श्याम प्रेमी महिला, बच्चे, पुरूष, श्याम मंदिर में देर रात तक डटे रहे एवं भजनों का आनंद लेते रहे। रात को 12 बजे आरती के पश्चात भजन कीर्तन का कार्यक्रम जारी रहा।















