Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

सेल-आईएसपी में ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025’ का समापन समारोह सम्पन्न

बर्नपुर(भरत पासवान)। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की इकाई इस्को स्टील प्लांट (आईएसपी) में ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025’ का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम कॉन्फ्लुएंस सभागार में आयोजित किया गया। इस वर्ष का थीम था ‘सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी’। यह तीन माह की जागरूकता अभियान अवधि 18 अगस्त से 17 नवम्बर 2025 तक मनाई जा रही है। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया, जिनके योगदान से एकीकृत और सशक्त भारत का निर्माण संभव हुआ।
वरिष्ठ प्रबंधक (विजिलेंस) त्रांबाक पटनायक ने मुख्य अतिथियों, सीजीएम, वरिष्ठ अधिकारियों, ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों, पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं एवं विद्यालय प्रतिनिधियों का स्वागत किया। अतिथियों को पौध भेंट कर सतत विकास का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन संबोधन जितेन्द्र यादव सापकले, सीजीएम (विजिलेंस) एवं एसीवीओ (आईएसपी) ने दिया। उन्होंने सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों जैसे — निवारक सतर्कता प्रशिक्षण, साइबर सुरक्षा जागरूकता सत्र, इंटीग्रिटी प्रतिज्ञा, वेंडर-वेंडि बैठकें, निबंध लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, स्किट एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं की जानकारी दी।
सभी उपस्थितजनों ने बंगाली, हिंदी और अंग्रेजी में इंटीग्रिटी प्लेज (सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा) ली। कार्यक्रम के दौरान आईएसपी विजिलेंस विभाग द्वारा किए गए अभियान की झलक दिखाने वाला एक वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में सुश्री वीनीता श्रीवास्तव, मंडल रेल प्रबंधक (पूर्व रेलवे, आसनसोल) विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने प्रेरक संबोधन में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और ईमानदारी के चार स्तंभों पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सेल और रेलवे जैसी संस्थाओं के बीच सहयोग देश निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। निदेशक-प्रभारी (बर्नपुर एवं दुर्गापुर स्टील प्लांट्स) सुरजीत मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुए। उन्होंने विजिलेंस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सतर्कता भय नहीं, बल्कि पारदर्शिता, ईमानदारी और नैतिकता को बढ़ावा देने का माध्यम है। उन्होंने निर्णय प्रक्रिया में स्पष्टता एवं कारण रिकॉर्डिंग के महत्व पर भी बल दिया। समारोह में कर्मचारियों, छात्रों और विभिन्न विभागों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन अत्यंत सफल एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

 

 

       

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *