विवाह पंचमी पर शहर में गूंजा श्रीराम और माता सीता के विवाह का जयघोष
आसनसोल । विवाह पंचमी पर मंगलवार को शहर के प्रमुख मंदिरों में भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह का उत्सव हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। श्रीराम और सीता के विवाह की वर्षगांठ को शहरवासियों ने धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ मनाया। वहीं आसनसोल जीटी रोड स्थित बड़ा पोस्ट ऑफिस के पास महाबीर स्थान मंदिर के राम दरबार में आसनसोल महाबीर स्थान सेवा समिति की ओर से विवाह उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों, आकर्षक फूलों और पारंपरिक सजावट से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा था। मंदिर के पुजारी श्याम सुंदर पाठक, विद्यार्थी झा और निरंजन पंडित ने विधि विधान के साथ विवाह संपन्न कराया।
पंडितों ने बताया कि भगवान की प्रतिमा का विधि-विधान से स्नान कराकर नए वस्त्र और मुकुट धारण कराए गए। विवाह रस्म के दौरान भक्तों ने राम-सीता को सफेद फूलों की माला पहनाई। महिला व्रतियों ने लोक विवाह गीत गए। इस क्रम में इस वर्ष यजमान नरेश अग्रवाल सह धर्म पत्नी, जैकी शर्मा, मिथलेश सिंह सह धर्मपत्नी, सुमेन सेन सह पत्नी ने राम-सीता विवाह की संपूर्ण रस्मों निभाई और मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान मौजूद विवाहित महिलाओं ने एक-दूसरे को मांग में सिंदूर पहनाई और सदा-सुहागिन रहने की कामना की।
भजन-कीर्तन व भंडारे से भक्तिमय हुआ माहौल। मौके पर आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, बोरो चेयरमैन राजेश तिवारी, अरुण शर्मा, सियाराम अग्रवाल, महेश शर्मा, डॉ जे के सिंह, रक्तदान आंदोलन के प्रणेता प्रबीर धर, मुकेश शर्मा, शिव प्रसाद वर्मन, दीपक भट्ट, आनंद पारीक, अभिषेक केडिया, अमन मखरिया, स्मिता शर्मा, राम दुलारी गुप्ता, अशोक गुप्ता, मुंशी शर्मा, मनीष भगत, अभिषेक वर्मन, रौनक जालान, प्रकाश अग्रवाल, अनिल सहल सहित अन्य मौजूद थे।












