साल के पहले दिन बर्दवान में भीषण सड़क दुर्घटना, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
बर्दवान । बर्दवान में साल के पहले दिन एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। चारपहिया वाहन और तेल टैंकर की टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। दुर्घटना में चारपहिया वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। मृतकों की पहचान शेख शहनवाज़ (27), शेख मोहम्मद मुर्शेद (55) और रेजिना खातून (51) के रूप में हुई है। तीनों दुर्गापुर सिटी सेंटर के निवासी थे। शेख शहनवाज़ नौकरी के सिलसिले में मुंबई में रहते थे और छुट्टियों में दुर्गापुर अपने घर आए हुए थे। गुरुवार को वह अपने कार्यस्थल वापस लौट रहे थे। उन्हें छोड़ने के लिए उनके माता-पिता कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह दुर्घटना गुरुवार शाम लगभग 5 बजे शक्तिगढ़ थाना क्षेत्र में हुई। दुर्गापुर से दमदम एयरपोर्ट की ओर जाते समय चारपहिया वाहन सड़क किनारे खड़े तेल टैंकर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर दौड़ आए। स्थानीय लोगों की मदद से बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहन से चालक साहेब मुंशी सहित सभी घायलों को बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने शेख मोहम्मद मुर्शेद, रेजिना खातून और शेख शहनवाज़ को मृत घोषित कर दिया, जबकि चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।





















