रानीगंज में टीडीबी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य के घर हुई चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
रानीगंज । रानीगंज के टीडीबी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. निपंकर हाजरा के घर हुई चोरी की घटना का रानीगंज थाना पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी गए आभूषण और नकद राशि भी बरामद की है। थाना प्रभारी विकास दत्त ने बताया कि 10 दिसंबर को स्कूल पाड़ा इलाके में स्थित डॉ. निपंकर हाजरा के आवास में चोरी की घटना हुई थी। पुलिस ने जांच के दौरान एक महिला के नाम पर पंजीकृत एक मोटरसाइकिल बरामद की और आगे की जांच में आसनसोल के रेलपार इलाके से दो आरोपियों मोहम्मद आसिफ और टिपू को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को चार दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसके दौरान चोरी किए गए कई सोने-चांदी के आभूषण और नकद पैसे बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, चोरी की गई राशि का एक बड़ा हिस्सा आरोपियों ने नशे की लत में खर्च कर दिया था।












