बस में चोरी के आरोप में महिला गिरफ्तार, सोने के गहने और नकदी बरामद
आसनसोल । कोलकाता की गिरीश पार्क थाना पुलिस ने बस में चोरी करने के आरोप में पिंकी राय महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए सोने के गहने, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद कर लिए हैं। बिहार के कटिहार जिले के रहने वाले संदीप कुमार अपनी पत्नी के साथ 22 जनवरी को महाजाति सदन से बस में सवार हुए थे। बस से उतरने के बाद उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी का बैग गायब है, जिसमें सोने के गहने, 25,000 रुपये नकदी और मूल आधार कार्ड था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की और आधुनिक तकनीक और खुफिया जानकारी की मदद से 30 जनवरी को आसनसोल की रहने वाली पिंकी राय को गिरफ्तार किया। आरोपी महिला से पूछताछ के बाद चोरी हुए गहने, नकदी और आधार कार्ड बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला को 5 फरवरी को अदालत में पेश किया जाएगा और इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं।
