आसनसोल में कचरे का पहाड़, सफाई कर्मियों की हड़ताल जारी
आसनसोल । आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मियों की हड़ताल को छह दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है। शहर के अधिकांश इलाकों में कचरे के ढेर लग चुके हैं, जिससे आम जनता परेशान है।
नगर निगम की विपक्ष नेता चैताली तिवारी ने प्रशासन पर आरोप लगाया है कि वे सफाई कर्मियों की मांगों को नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम जनता से टैक्स वसूल रहा है, लेकिन सुविधाएं नहीं दे रहा है।
भाजपा नेता कृष्णा प्रसाद ने सफाई कर्मियों का समर्थन किया है और उन्हें आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई हैं। उन्होंने कहा कि कर्मी किसी भी जरूरत के लिए कल्ला बायपास स्थित कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी ने कहा कि प्रशासन सफाई कर्मियों से बातचीत कर रहा है और जल्द ही समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने सफाई कर्मियों से हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने की अपील की है।












