आसनसोल नगर निगम में सफाई कर्मियों की हड़ताल समाप्त, काम पर लौटे कर्मचारी
आसनसोल । आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मियों ने अपनी हड़ताल समाप्त कर दी है। चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, उप-मेयर अभिजीत घटक, वसीम उल हक और मेयर परिषद सदस्य गुरदास चटर्जी के साथ हुई बैठक के बाद कर्मचारियों ने अपना आंदोलन स्थगित करने का फैसला लिया है।बैठक में कर्मचारियों को उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि फिलहाल वेतन वृद्धि पर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा, लेकिन सफाई कर्मियों को राज्य सरकार के अधीन अस्थायी कर्मचारी के रूप में मान्यता देने के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी ने बताया कि सफाई कर्मियों ने हड़ताल वापस ले ली है और उन्होंने काम भी शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया जाएगा और जमा कचरे को हटाने का काम तेजी से किया जाएगा। हड़ताल समाप्त होने के बाद नगर निगम प्रशासन और आम लोगों ने राहत की सांस ली है। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में शहर फिर से साफ और स्वच्छ नजर आएगा।













