आसनसोल के कुमारपुर में रेलवे ओवरब्रिज का वर्चुअल उद्घाटन
आसनसोल । आसनसोल के कुमारपुर में केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल तरीके से रेलवे ओवरब्रिज का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष देवानु भट्टाचार्य, कुल्टी के विधायक डॉ अजय पोद्दार, आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल, युवा भाजपा नेता टिंकू वर्मा और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल ने कहा कि रेल और सेल द्वारा कुमारपुर ब्रिज का निर्माण किया गया था, जिसका मकसद बेरोजगार रेलवे लाइन के किनारे के जोन से मुक्ति दिलाना था। उन्होंने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज का काम तत्कालीन भाजपा सांसद बाबुल सुप्रियो के कार्यकाल में हुआ था, लेकिन वह भाजपा से विश्वासघात कर टीएमसी में चले गए।
अग्नि मित्रा पाल ने कहा कि राज्य सरकार हमेशा केंद्र के विकास कार्यों में अड़चन पैदा करती रही है और कुमारपुर ब्रिज को लेकर भी उन्होंने अड़चनें पैदा की। जब भाजपा विधायक से पूछा गया कि रेलवे ओवरब्रिज 1 साल पहले ही बनकर तैयार हो गया था। चुनाव से पहले उसका उद्घाटन क्या सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए किया जा रहा है, इस पर उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन के सहयोग की वजह से काफी काम बाकी था। कुछ महीनों पहले ही काम पूरा हुआ इस वजह से आज इसका आधिकारिक रूप से उद्घाटन हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव को देखते हुए कुछ नहीं करते वह सिर्फ और सिर्फ जनता के लिए विकास के लिए काम करते हैं। इस रेलवे ओवरब्रिज की आवश्यकता थी। इसलिए इसे बनवाया गया और आज इसका आधिकारिक रूप से उद्घाटन हुआ। विधायक ने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए जो निमंत्रण पत्र बनाया गया है उसमें कहीं पर भी भाजपा के किसी भी जनप्रतिनिधि का नहीं है। निमंत्रण पत्र में आसनसोल उत्तर के विधायक मलय घटक, आसनसोल के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा और टीएमसी सांसद शताब्दी चटर्जी के नाम हैं। यहां पर किसी भी भाजपा के मंत्री, सांसद और विधायक का नाम नहीं था, भाजपा प्रोटोकॉल मानकर चलती है, जो टीएमसी नहीं करती है।













