भाजपा नेता को आईएनटीटीयूसी की पश्चिम बर्दवान जिला कमेटी का जनरल सेक्रेटरी बनाए जाने का मामला पकड़ा तूल
आसनसोल । आसनसोल की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। कुल्टी के वार्ड संख्या 19 के पूर्व भाजपा पार्षद राजा चटर्जी को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। सूचना है कि उन्हें तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन आईएनटीटीयूसी की पश्चिम बर्दवान जिला कमेटी का जनरल सेक्रेटरी बना दिया गया है। वह भी उनकी बिना जानकारी और सहमति के। इस घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही सोमवार दोपहर आसनसोल नगर निगम के पूर्व मेयर सह भाजपा प्रदेश कमेटी सदस्य जितेंद्र तिवारी स्वयं राजा चटर्जी के घर पहुंचे। वहां उन्होंने पूरे मामले पर चर्चा करते हुए राजा चटर्जी से दोबारा सक्रिय होकर भाजपा के लिए काम करने की अपील की। जितेंद्र तिवारी ने इस मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसी नेता का नाम उसकी अनुमति के बिना संगठन की सूची में डालना न सिर्फ अलोकतांत्रिक है, बल्कि यह जनता और कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम फैलाने की साजिश भी हो सकती है।
राजा चटर्जी के घर जाकर उनसे मुलाकात को राजनीतिक हलकों में भाजपा की एकजुटता का संकेत माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से ले रहा है और इसे राजनीतिक दबाव बनाने की रणनीति के रूप में देख रहा है।













