कोयला घोटाला: ईडी ने दो ‘कोयला माफिया’ को गिरफ्तार किया
आसनसोल । पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित कोयला घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान चिन्मय मंडल और किरण खां के रूप में हुई है।
ईडी ने दोनों आरोपियों को कोलकाता के साल्ट लेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में पूछताछ के लिए बुलाया था। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान उनके जवाब संतोषजनक नहीं थे, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
चिन्मय मंडल और किरण खां दोनों पश्चिम बर्द्धमान जिले के रहने वाले हैं और रिश्ते में ममा-भांजे बताए जा रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इन दोनों का आसनसोल-रानीगंज कोयला बेल्ट में काफी प्रभाव है और उन्हें इलाके में ‘कोयला माफिया’ के तौर पर भी जाना जाता है।
ईडी की यह कार्रवाई फरवरी की शुरुआत में हुई व्यापक छापेमारी का हिस्सा है, जिसमें जामुड़िया के व्यवसायी रमेश बंसल के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान लगभग 1 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए थे। जांच की आंच पुलिस महकमे तक भी पहुंची है, जिसमें बुदबुद थाने के ओसी मनोरंजन मंडल के दुर्गापुर स्थित आवास पर भी केंद्रीय एजेंसी ने दबिश दी थी और उनसे पूछताछ की गई थी।













