बर्नपुर में आईएनटीटीयूसी का अलग रुख: चार श्रम कोड के विरोध में हड़ताल से दूरी
बर्नपुर । बर्नपुर में तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन आईएनटीटीयूसी ने केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए चार श्रम कोड के विरोध में देशव्यापी आम हड़ताल में शामिल नहीं होने का निर्णय लिया है। आईएनटीटीयूसी की ओर से बुधवार को बर्नपुर में टनल गेट के सामने एक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन के सदस्यों ने हिस्सा लिया। सभा को संबोधित करते हुए आईएनटीटीयूसी नेता उत्पल सेन ने कहा कि मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी के निर्देश के अनुसार आईएनटीटीयूसी किसी भी प्रकार की हड़ताल के पक्ष में नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन भी चारों श्रम कोड का विरोध करता है, लेकिन हड़ताल को इसका उचित समाधान नहीं मानता। उत्पल सेन ने आम जनता से अपील की कि वे सामान्य जनजीवन बनाए रखें और हड़ताल में हिस्सा न लें। साथ ही यह भी कहा गया कि प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी को जबरन हड़ताल करने के लिए मजबूर न किया जाए। इस प्रकार, जहां एक ओर दस केंद्रीय ट्रेड यूनियनें चार श्रम कोड के विरोध में देशव्यापी हड़ताल की तैयारी में हैं, वहीं आईएनटीटीयूसी ने इससे दूरी बनाते हुए सामान्य स्थिति बनाए रखने की अपील की है।













