सालानपुर में रामडी रक्षा काली मंदिर में चोरी, पुलिस की सुरक्षा पर उठे सवाल
सालानपुर । सालानपुर थाना क्षेत्र के रामडी रक्षा काली मंदिर में चोरी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। चोरों ने मंदिर से मां काली की प्रतिमा का चांदी का मुकुट और कान की बालियां चोरी कर ली हैं। हैरानी की बात यह है कि मंदिर के सामने पुलिस द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे मौजूद थे और रात के समय सालानपुर थाने की पुलिस गश्ती गाड़ी भी खड़ी रहती है, इसके बावजूद चोरों ने मंदिर को निशाना बना लिया। सेवादार भूपेन महतो ने बताया कि वह रोज की तरह कल शाम मंदिर बंद कर अपने घर चले गए थे। लेकिन आज सुबह जब वह मंदिर की सफाई के लिए पहुंचे तो देखा कि मां की प्रतिमा का चांदी का मुकुट और कान की बालियां गायब हैं, जबकि गले की माला टूटी हुई नीचे पड़ी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लिखित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध व्यक्ति की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












