रानीगंज में कूड़ेदान से वोटर कार्ड की बाढ़: चुनावी तनाव बढ़ा, पुलिस ने शुरू की जांच
रानीगंज । रानीगंज शहर के चीनकुटी मोड़ के समीप कूड़ेदान में भारी मात्रा में वोटर कार्ड मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। यह घटना चुनाव से पहले इलाके में राजनीतिक हलकों और आम जनता के बीच चिंता और सवाल दोनों खड़े कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कूड़ेदान में कई मतदाताओं के पहचान पत्र पड़े हुए मिले, जिससे लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
एक युवक ने बताया कि वह स्टेशन से घर लौट रहा था, तभी उसके भाई का फोन आया कि उसका वोटर कार्ड कूड़े में पड़ा है। जब वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि सचमुच उसका वोटर कार्ड वहां मौजूद है। युवक का दावा है कि उसका मूल वोटर कार्ड घर पर सुरक्षित रखा हुआ है और उसने किसी को भी उपयोग के लिए नहीं दिया था।
यह घटना सामने आने के बाद यह सवाल उठने लगा है कि आखिर इतनी संख्या में वोटर कार्ड वहां पहुंचे कैसे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति अपना पुराना वोटर कार्ड सरकारी दफ्तर में जमा करता है और नया कार्ड प्राप्त करता है, तो पुराने कार्ड को नियम के अनुसार नष्ट या रीसाइकिल किया जाता है। लेकिन यहां खुलेआम कूड़ेदान में कार्डों का मिलना गंभीर लापरवाही या किसी अन्य आशंका की ओर इशारा करता है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी वोटर कार्ड अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ये कार्ड यहां तक कैसे पहुंचे।












