कुल्टी में परिवर्तन सभा: भाजपा नेताओं ने टीएमसी सरकार पर बोला हमला, कहा- बंगाल को बचाने की है जरूरत
कुल्टी । कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के चिनाकुड़ी में रविवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित परिवर्तन सभा में हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। इस सभा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष, कुल्टी विधायक डॉ. अजय पोद्दार, जिला भाजपा अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, विधायक अग्निमित्रा पाल, कृष्णेंदु मुखर्जी, जितेंद्र तिवारी, कृष्णा प्रसाद सहित कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
अन्नपूर्णा देवी ने अपने वक्तव्य में राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि टीएमसी शासन में पश्चिम बंगाल की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उन्होंने गंभीर चिंता जताई और लोगों से “बंगाल को बचाने की लड़ाई” में शामिल होने का आह्वान किया।
दिलीप घोष ने अपने चिर-परिचित अंदाज में टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ है और नेता भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सात साल पहले केंद्र सरकार ने पेयजल परियोजना के लिए 7000 करोड़ रुपये भेजे थे, लेकिन आज तक न तो लोगों को पानी मिला और न ही उस राशि का हिसाब मिला।

अग्निमित्रा पाल ने कहा कि भाजपा सभी समुदायों को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है और किसी के साथ भेदभाव नहीं करती। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने लोगों के मन में डर का माहौल बना दिया है, जिसे खत्म करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए भाजपा ही एकमात्र विकल्प है।












