अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दुर्गापुर में सशक्तिकरण रैली
दुर्गापुर । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को दुर्गापुर के सिटी सेंटर में एक बेसरकारी शॉपिंग मॉल के सामने से आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के नेतृत्व में महिला पुलिस कर्मियों के साथ एक सशक्तिकरण रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में महिला सुरक्षा, नारी सशक्तिकरण और समाज में महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के संदेश को उठाया गया।
रैली ने सिटी सेंटर क्षेत्र का भ्रमण किया और आम लोगों के बीच महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के संदेश को पहुंचाया। इस कार्यक्रम में दुर्गापुर थाना प्रभारी संजीव दे, दुर्गापुर महिला थाना प्रभारी रूपाली बंदोपाध्याय सहित आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कई महिला पुलिस कर्मी शामिल हुए।
महिला दिवस के अवसर पर इस तरह की पहल समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने के संदेश को फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, ऐसा महिला थाना के प्रभारी रूपाली बंदोपाध्याय ने कहा।












