अशोक रूद्र की नाराजगी, पार्टी के फैसले का सम्मान लेकिन भविष्य अनिश्चित
बर्नपुर । बर्नपुर में तृणमूल कांग्रेस ने आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक तापस बनर्जी को फिर से उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि पार्षद अशोक रूद्र को टिकट मिल सकता है, लेकिन पार्टी ने अंततः मौजूदा विधायक पर ही विश्वास कायम रखा।
अशोक रूद्र का बयान
अशोक रूद्र ने पार्टी के निर्णय का सम्मान करते हुए कहा कि यह पार्टी का आंतरिक फैसला है, जिसे वे पूरी तरह स्वीकार करते हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि प्रारंभिक सूची में उनका नाम उम्मीदवार के तौर पर सबसे ऊपर था, लेकिन अंतिम समय में उसे हटा दिया गया।
श्रमिकों और शिक्षकों के मुद्दों पर आवाज उठाई
अशोक रूद्र ने कहा कि वह पिछले 22 वर्षों से पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं और हमेशा आम जनता, खासकर श्रमिकों और शिक्षकों के मुद्दों को उठाते रहे हैं। उन्होंने इस्को में स्थानीय लोगों की नियुक्ति और बर्नपुर स्टील प्लांट के ठेका श्रमिकों को कम वेतन मिलने जैसे कई अहम मुद्दों पर आवाज बुलंद की है।
आंदोलन जारी रहेगा
अशोक रूद्र ने कहा कि पार्टी द्वारा किसी अन्य उम्मीदवार को टिकट दिए जाने से उनके समर्थकों में निराशा है। उन्होंने संकेत दिया कि वे जल्द ही अपने समर्थकों के साथ बैठक कर अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर फैसला लेंगे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रमिकों और शिक्षकों के हित में उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।












