बंगाल चुनाव: शत्रुघ्न सिन्हा की नीली बत्ती वाली गाड़ी पर विवाद, भाजपा ने लगाया आचार संहिता उल्लंघन का आरोप
जामुरिया । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच तृणमूल कांग्रेस सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की नीली बत्ती वाली गाड़ी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि शत्रुघ्न सिन्हा ने चुनाव प्रचार के दौरान नीली बत्ती वाली गाड़ी का इस्तेमाल किया, जो आचार संहिता का उल्लंघन है।
शत्रुघ्न सिन्हा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि गाड़ी पर लगी नीली बत्ती पुरानी है और वह काम नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि वे हमेशा कानून का पालन करते हैं और किसी भी नियम का उल्लंघन नहीं करते हैं।
वहीं, भाजपा उम्मीदवार डॉ. बिजन मुखर्जी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आचार संहिता लागू होने के बाद किसी भी नेता को नीली बत्ती का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उन्होंने तृणमूल नेताओं पर नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा इस मामले को लेकर चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराएगी।













