आसनसोल नगर निगम ने शगुन मैरिज हॉल पर लिया कब्जा, पार्षद सीके रेशमा पर अवैध कब्जे का आरोप’
आसनसोल, सोमवार, 18 मई 2026। आसनसोल नगर निगम के वार्ड नंबर 23 इलाके में स्थित शगुन मैरिज हॉल को लेकर चल रहे लंबे विवाद का आज पटाक्षेप हो गया। नगर निगम के कानूनी सलाहकार सुदीप्त घटक और कार्यकारी अभियंता आरके श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ पहुंचे और मैरिज हॉल को नगर निगम के कब्जे में ले लिया।
क्या था विवाद:
आरोप था कि वार्ड नंबर 23 की पार्षद सीके रेशमा ने टेंडर न मिलने के बावजूद अपने राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल कर मैरिज हॉल को अपने कब्जे में रखा हुआ था। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि रेशमा ने आसनसोल वूमेन वेलफेयर एसोसिएशन के नाम से एनजीओ बनाकर अवैध रूप से हॉल पर कब्जा कर रखा था। मेयर विधान उपाध्याय के निर्देश पर जब वरिष्ठ अधिकारी हॉल खाली कराने गए थे, तब रेशमा द्वारा अधिकारियों पर पुलिस में केस दर्ज करवा दिया गया था।
पार्षद का पक्ष:
इस बारे में पार्षद सीके रेशमा ने कहा कि 4 तारीख के बाद हुई घटना के बाद वह अब किसी विषय में शामिल नहीं होना चाहतीं। इसलिए उन्होंने स्वेच्छा से आज मैरिज हॉल की चाबी नगर निगम को लौटा दी।
नगर निगम की कार्रवाई:
सुदीप्त घटक और आरके श्रीवास्तव ने कहा कि टेंडर न मिलने के बावजूद हॉल को लंबे समय तक कब्जे में रखने और अवैध रूप से आयोजन कर पैसा वसूलने की भी जांच की जाएगी। उन पैसों का हिसाब अब रेशमा से लिया जाएगा और इसके लिए उन्हें नोटिस भेजा जाएगा।














