‘सत्ता बदली, तस्वीर भी बदली: आसनसोल नगर निगम में ममता की जगह लगे मोदी, शुभेंदु और राष्ट्रपति मुर्मू’
आसनसोल, मंगलवार, 19 मई 2026। बंगाल में मुख्यमंत्री की कुर्सी बदलते ही सरकारी दफ्तरों की तस्वीर भी बदलने लगी है। मंगलवार को आसनसोल नगर निगम के मेयर विधान उपाध्याय के चेंबर में बड़ा राजनीतिक ड्रामा देखने को मिला, जब पूर्व सीएम ममता बनर्जी की फोटो उतारकर उसकी जगह पीएम नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और नए सीएम शुभेंदु अधिकारी की तस्वीरें लगा दी गईं।
बीजेपी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन और नारेबाजी:
दरअसल, मंगलवार को बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता नागरिक सुविधाओं और कथित घोटालों के खिलाफ निगम पहुंचे थे। इसी दौरान कार्यकर्ताओं ने मेयर चेंबर में घुसकर ममता बनर्जी की तस्वीर हटा दी और नई तस्वीरें लगा दीं। इस दौरान “भारत माता की जय” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। सूचना मिलते ही पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने ले गए।

कैसे शुरू हुआ विवाद:
इस सियासी हलचल की शुरुआत कुल्टी विधायक डॉ. अजय पोद्दार के बेटे और बीजेपी युवा मोर्चा नेता केशव पोद्दार के एक बयान से हुई थी। उन्होंने सवाल उठाया था कि जब राज्य में सीएम बदल गए हैं, तो सरकारी दफ्तरों में ममता बनर्जी की तस्वीर क्यों लगी है। इसके बाद से ही यह मुद्दा गर्म था।
मेयर ने टाला जवाब:
घटनाक्रम के समय मेयर विधान उपाध्याय चेंबर में ही मौजूद थे। लेकिन मीडिया के सवालों पर वे बचते नजर आए। उन्होंने सिर्फ इतना कहा, “आपके सामने ही सब हुआ है। जिन्होंने किया है, उनसे पूछिए।” मेयर की चुप्पी को उनकी असहजता से जोड़कर देखा जा रहा है।
निगम में गरमाई सियासत:
आसनसोल नगर निगम बोर्ड पर फिलहाल टीएमसी का ही कब्जा है, जबकि बीजेपी विपक्ष में है। ऐसे में इस घटना के बाद निगम की राजनीति और गरमा सकती है। बीजेपी का कहना है कि यह कदम जनता की भावना के मुताबिक उठाया गया है।














