जामुड़िया में ट्रांसफॉर्मर लूट की घटनाएं बढ़ी, इलाके में तनाव
जामुड़िया । जामुड़िया थाना के केंदा फांड़ी क्षेत्र में एक के बाद एक उच्च क्षमता वाले इलेक्ट्रिक ट्रांसफॉर्मरों की लूट की घटनाओं से इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया है। ताजा मामला कुनुस्तोरिया कोलियरी परिसर का है, जहां शनिवार देर रात लगभग 20-22 सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोलकर लूटपाट की। बदमाशों ने सुरक्षा कर्मियों और पंप ऑपरेटर पर हमला किया, उन्हें बुरी तरह पीटा और बांधकर बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने पंप हाउस में लगे ट्रांसफॉर्मर से जुड़े कीमती उपकरण और धातु सामग्री लूट ली।
इस घटना से स्थानीय लोगों और श्रमिकों में भय का माहौल बन गया है। श्रमिक संगठनों ने ईसीएल प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाने और नियमित गश्त की व्यवस्था करने की मांग की है। पुलिस के पास लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
क्या प्रशासन कर पाएगा इन घटनाओं पर रोक?
इलाके के लोग प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं। श्रमिक नेताओं का कहना है कि इस तरह सशस्त्र बदमाशों का पंप हाउस में घुसकर लूटपाट करना सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक को दर्शाता है। उनका यह भी कहना है कि इस हमले में पंप ऑपरेटर की जान भी जा सकती थी।












