महारास लीला: जब वंशी की तान पर संसार भूल गईं गोपियां, श्रीकृष्ण ने दिया निष्काम भक्ति का दिव्य संदेश’
Oplus_0
आसनसोल, 23 मई 2026। आसनसोल के गुजरात भवन में जालान परिवार की ओर से पूज्य गुरुदेव राजकुमार द्विवेदी जी के श्रीमुख से चल रही श्रीमद् भागवत कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की प्रत्येक लीला जीव के कल्याण और आत्मजागरण का माध्यम है। इन्हीं में से एक अलौकिक लीला है — महारास। यह लीला केवल रास-नृत्य नहीं, बल्कि भक्त और भगवान के बीच प्रेम की पराकाष्ठा और आध्यात्मिक परीक्षा का प्रतीक है।
जब रुद्र बने वेणु, और गूंजी प्रेम की तान:
भगवान श्रीकृष्ण ने विचार किया कि आज महारास करूँगा। तब प्रभु ने वेणु का निनाद किया। शास्त्र कहते हैं कि स्वयं भगवान शिव ही उस बांसुरी स्वरूप बने। रुद्र ही वेणु बने और भगवान ने अपने अधरामृत से उसे स्पर्श किया।
जैसे ही वंशी की मधुर ध्वनि ब्रज में गूंजी, जो गोपी जिस कार्य में लगी थी, वह उसी को छोड़कर दौड़ पड़ी। कोई गृहकार्य में थी, कोई परिवार सेवा में, तो कोई विश्राम की तैयारी में। पर प्रभु की वंशी सुनते ही सब तुच्छ लगने लगा। देखते ही देखते सहस्रों गोपियाँ श्रीकृष्ण के समीप आ पहुंचीं।
भगवान ने ली प्रेम की परीक्षा:
श्रीकृष्ण ने सभी का आदर किया, फिर गंभीर स्वर में पूछा — “हे गोपियों! तुम इस अर्धरात्रि में पति, पुत्र और परिवार छोड़कर इस निर्जन वन में क्यों आई हो? अभी भी समय है, घर लौट जाओ।”
यह संवाद केवल बाहरी नहीं था। यह जीव और परमात्मा के बीच की परीक्षा थी। भगवान पहले बुलाते हैं, फिर परखते हैं कि जीव संसार की वासनाओं से बंधा तो नहीं। जब भक्त सभी सांसारिक इच्छाओं से मुक्त होकर केवल प्रभु-प्रेम में स्थित हो जाता है, तभी उसे परम कृपा मिलती है।
उद्धव का ज्ञान और गोपियों का प्रेम:
कंस वध के बाद भगवान ने उद्धव को ब्रज भेजा ताकि वे गोपियों को ज्ञान का उपदेश दें। परंतु गोपियों ने अपने निष्काम प्रेम और अनन्य भक्ति से उद्धव के ज्ञान-अभिमान को चूर्ण कर दिया। उद्धव समझ गए कि गोपियों का प्रेम तर्क और ज्ञान से परे है।
लीला का सार:
रुक्मिणी जी के साथ श्रीकृष्ण का पाणिग्रहण धर्म और आदर्श गृहस्थ का प्रतीक बना। श्रीकृष्ण की लीलाएँ सिखाती हैं कि परमात्मा तक पहुंचने का मार्ग केवल निष्काम प्रेम, समर्पण और शुद्ध भक्ति है। जो अहंकार, वासना और मोह त्यागकर प्रभु की शरण आता है, वही सच्चे आनंद और मोक्ष का अधिकारी बनता है।














