पांडवेश्वर से टीएमसी प्रत्याशी नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती को ममता बनर्जी का आशीर्वाद, नामांकन से पहले मिली जीत की प्रेरणा
दुर्गापुर । दुर्गापुर में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान एक विशेष दृश्य देखने को मिला। पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के प्रत्याशी नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती ने अपना नामांकन दाखिल करने से ठीक पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव प्रचार के सिलसिले में दुर्गापुर के सिटी सेंटर स्थित एक निजी होटल में ठहरी हुई थीं। बुधवार को जब वह बीरभूम जिले के नानूर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने के लिए होटल से निकल रही थीं, उसी समय नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती दुर्गापुर के महकमा शासक कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री का काफिला जैसे ही होटल से बाहर निकला, ममता बनर्जी ने अपनी गाड़ी रोकवाई और टीएमसी प्रत्याशी नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती को अपने पास बुलाया। उन्होंने कुछ समय तक उनसे चुनावी रणनीति को लेकर बातचीत की और उनके सिर पर हाथ रखकर जीत का आशीर्वाद दिया। ममता बनर्जी से जीत का मंत्र और आशीर्वाद लेने के बाद प्रत्याशी काफी उत्साहित नजर आए।
इस संक्षिप्त मुलाकात के बाद ममता बनर्जी अपने काफिले के साथ नानूर के लिए रवाना हो गईं, जबकि नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती ने मुख्यमंत्री से मिले इस प्रोत्साहन के साथ आधिकारिक रूप से अपना नामांकन दाखिल किया। इस घटना ने चुनावी माहौल में एक नई ऊर्जा का संचार किया है।












