पांडवेश्वर में भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी ने कार्यकर्ताओं के साथ सादगी से किया नामांकन
पांडवेश्वर में भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी को मछली भेंट, तिलक लगाकर दी गई जीत की शुभकामना
पांडवेश्वर । पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार जितेंद्र तिवारी ने बुधवार को नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले एक शक्ति प्रदर्शन किया। वे अपनी पत्नी सह आसनसोल नगर निगम की विपक्ष नेता चैताली तिवारी के साथ वरिष्ठ नेता बाबुल खरचा के घर पहुंचे, जहां मंडल अध्यक्ष सबिता बागदी, मंपी बागदी और अन्य कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर जितेंद्र तिवारी को तिलक लगाकर मछली भेंट की गई और उन्हें जीत की शुभकामनाएं दी गईं। तिवारी ने मंडलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से अनुमति ली और सभी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि मंडल-1 और मंडल-2 के कार्यकर्ताओं की सहमति से पूजा-अर्चना की गई है, और अब मंडल-3 और मंडल-4 के साथियों से अनुमति लेकर नामांकन दाखिल किया जाएगा।
जितेंद्र तिवारी ने सभी से स्वस्थ रहने और नामांकन के बाद नए जोश के साथ काम में जुटने को कहा, ताकि पांडवेश्वर से जीत का तोहफा पार्टी और नरेंद्र मोदी को भेंट किया जा सके। इसके बाद वे चारों मंडल अध्यक्षों के साथ नामांकन के लिए रवाना हुए और बाकी कार्यकर्ताओं से बूथ-स्तर के कार्यों के लिए लग जाने का आह्वान किया।












