अंडाल में हड़कंप: कविराज गली में कपड़ा दुकान में भीषण आग, दमकल की कड़ी मशक्कत
अंडाल । अंडाल थाना क्षेत्र के नार्थ बाजार स्थित कविराज गली में शुक्रवार सुबह एक कपड़े की दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह के समय लगी यह आग कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर गई। घटना की सूचना मिलते ही अंडाल थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी टुटू गुप्ता के अनुसार, सुबह लगभग 4 बजे आग लगने की जानकारी मिली। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी साजिश की आशंका जताई जा रही है।
इस घटना के बाद अंडाल बाजार में फायर सेफ्टी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार की संकरी गलियों में दमकल की गाड़ी तक के खड़े होने की पर्याप्त जगह नहीं है। बाजार के अंदर बड़े-बड़े दुकानों के होने के बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं।












