श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती की भव्य महिमा
आसनसोल । आसनसोल के साउथ धादका रोड स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कीर्तन, भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी, और सभी ने मिलकर भगवान हनुमान की महिमा का गान किया।
प्रसाद वितरण के साथ ही यह आयोजन देर रात तक चला, और श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। मौके पर समाजसेवी सह भाजपा युवा नेता कृष्णा प्रसाद पहुंचे। मंदिर कमेटी की ओर से कृष्णा प्रसाद को उत्तरीय ओढ़कर सम्मानित किया गया। उन्होंने हनुमानजी की पूजा कर पूरे शिल्पांचल वासियों के सुख शांति समृद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना की।
मौके पर कृष्णा प्रसाद ने कहा कि भगवान हनुमान की भक्ति और सेवा भावना हमें प्रेरित करती है। उन्होंने अपने जीवन को भगवान राम की सेवा में समर्पित कर दिया और हमें दिखाया कि कैसे एक भक्त अपने भगवान के प्रति समर्पित हो सकता है। उनकी वीरता और बलिदान की कहानियां हमें प्रेरित करती हैं और हमें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करती हैं।












