आसनसोल के संत विंसेंट स्कूल में हादसा: समर कैंप में स्विमिंग के दौरान 6वीं के छात्र अद्विक की डूबने से मौत, सुरक्षा पर उठे सवाल’
आसनसोल, 28 मई 2026। आसनसोल के प्रतिष्ठित अंग्रेजी स्कूल संत विंसेंट में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। समर कैंप के दौरान स्विमिंग पूल में ट्रेनिंग लेते वक्त 6वीं कक्षा के छात्र की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
स्विमिंग करते वक्त हुआ हादसा
मृतक छात्र की पहचान लोअर चलीडंगा निवासी अद्विक के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, स्कूल में समर कैंप चल रहा था। शुक्रवार को अद्विक अन्य विद्यार्थियों के साथ स्विमिंग पूल में ट्रेनिंग कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक डूबने लगा। वहां मौजूद शिक्षकों और कर्मचारियों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और आनन-फानन में अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में पसरा मातम
घटना की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। अद्विक की मौत की पुष्टि होते ही अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्कूल प्रबंधन ने भी घटना पर दुख जताया है।
सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर स्कूलों और क्लबों में स्विमिंग पूल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रेनिंग के दौरान बच्चों की निगरानी के लिए पर्याप्त लाइफगार्ड और सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं थे?
गौरतलब है कि कुछ साल पहले आसनसोल क्लब में भी स्विमिंग के दौरान एक व्यवसायी की डूबने से मौत हो गई थी। अब संत विंसेंट जैसी नामी स्कूल में दोबारा ऐसी घटना होने से अभिभावकों में डर और गुस्सा दोनों है।
पुलिस जांच में जुटी, स्कूल से मांगी रिपोर्ट
फिलहाल आसनसोल साउथ पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने स्कूल प्रशासन से घटना की पूरी जानकारी मांगी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि स्विमिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि घटना की आंतरिक जांच की जा रही है और पुलिस को पूरा सहयोग दिया जाएगा। समर कैंप को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
इस हादसे के बाद जिला प्रशासन ने भी सभी स्कूलों को स्विमिंग पूल की सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश देने की बात कही है।
