आसनसोल में फॉस्बेकी की बड़ी मांग: निर्भय मतदान और यातायात जाम मुक्त शहर चाहते हैं व्यापारी
आसनसोल । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का माहौल जितना घना हो रहा है, उतनी ही विभिन्न संगठनों द्वारा अपनी मांगें उठाई जा रही हैं। फेडरेशन ऑफ साउथ बंगल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फॉस्बेकी) ने चुनाव को सुचारू और शांतिपूर्ण तरीके से कराने और शहर की नागरिक समस्याओं के समाधान के लिए जोरदार मांग की है। साथ ही, आसनसोल उत्तर और दक्षिण विधानसभा केंद्र के उम्मीदवारों से अपील की है!
संगठन के प्रतिनिधि सचिंद्र नाथ रॉय ने कहा, “गणतंत्र का मूल आधार है प्रत्येक मतदाता का निर्भय और स्वतंत्र रूप से मतदान करने का अधिकार। किसी भी भय या बाधा के बिना सभी लोग मतदान केंद्र तक पहुंच सकें, यह सुनिश्चित करना होगा। प्रशासन को इस संबंध में कड़ी कार्रवाई करनी होगी। फॉस्बेकी ने आसनसोल की लंबे समय से चली आ रही यातायात जाम समस्या के समाधान की मांग की है। संगठन ने कहा है कि सिर्फ चुनाव नहीं, शहर के समग्र विकास, बेहतर सड़कें, सुचारू यातायात व्यवस्था और सुरक्षित वातावरण बनाना अत्यंत आवश्यक है। ये सभी आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए अनिवार्य हैं।
संगठन का कहना है कि इस बार के चुनाव में राजनीतिक लड़ाई के साथ-साथ विकास और नागरिक सुविधाओं का मुद्दा भी समान रूप से महत्वपूर्ण होना चाहिए।












