“बंगाल में परिवर्तन की आवाज: रेखा गुप्ता की रानीगंज रैली में टीएमसी पर हमला”
रानीगंज । रानीगंज के बरदही इलाके में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए टीएमसी पर जोरदार हमला बोला। वह यहां भाजपा प्रत्याशी पार्थ घोष के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंची थीं। सभा में उमड़ी भारी भीड़ को देखकर रेखा गुप्ता उत्साहित नजर आईं।
उन्होंने कहा कि रानीगंज की क्रांतिकारी धरती ने आज साफ संदेश दे दिया है कि बंगाल की जनता अब कोयला माफिया, सिंडिकेट राज और घुसपैठ से मुक्ति चाहती है और परिवर्तन के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि जनता का भाजपा पर अटूट विश्वास है और सरकार बनने के 100 दिनों के भीतर कोयला माफिया राज खत्म कर कानून का राज स्थापित किया जाएगा।
रेखा गुप्ता ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति चिंताजनक है और प्रशासन निष्क्रिय बना हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और महिलाओं के लिए बस यात्रा मुफ्त करने की योजना लागू की जाएगी।












