अवैध लॉटरी बरामद: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पारदर्शिता पर उठे सवाल
सालानपुर । सालानपुर थाना क्षेत्र के कल्याणेश्वरी नाका प्वाइंट पर पुलिस ने एक मिनीबस से भारी मात्रा में अवैध लॉटरी बरामद की है। यह लॉटरी झारखंड से आसनसोल की ओर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने बस को रोककर तलाशी ली, जिसमें पांच बड़े बंडलों में भरी अवैध लॉटरी मिली है।
सूत्रों के मुताबिक, इन लॉटरी टिकटों को आसनसोल समेत आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में खपाने की योजना थी। जांच में एक संगठित सिंडिकेट का नाम भी सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि गुद्दू खान और दीपक तिवारी नामक दो लोग झारखंड से इस अवैध लॉटरी को भेजते थे, जबकि आसनसोल में पल्टू सिंह नामक व्यक्ति इन्हें लेकर आसनसोल, जामुरिया, रानीगंज और दुर्गापुर के विभिन्न डीलरों तक पहुंचाने का काम करता था।
पुलिस ने बस चालक और खलासी से पूछताछ कर उन्हें छोड़ दिया है। हालांकि, इस मामले में एक और विवाद सामने आया है। मौके पर मौजूद पत्रकारों को जब्त लॉटरी की तस्वीर लेने से रोका गया, जिससे पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और इस अवैध नेटवर्क की जड़ें कितनी गहरी हैं, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है।












