पांडेश्वर में बवाल: TMC के पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के घर के पास गोदाम से सरकारी तिरपाल-राशन बरामद, भाजपा का हल्लाबोल
पांडवेश्वर, 5 जून 2026। पश्चिम बर्धमान जिले में सरकारी राहत सामग्री के दुरुपयोग का मामला गरमाता जा रहा है। बांकोला में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के आवास के पास स्थित एक गोदाम से कथित तौर पर सरकारी तिरपाल और अन्य सामग्री मिलने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
‘भाजपा का जोरदार प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग’
शुक्रवार को इस मुद्दे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। आरोप है कि जरूरतमंदों तक पहुंचने वाली सरकारी सामग्री को गोदाम में जमा कर रखा गया था। प्रदर्शनकारियों ने मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की।
‘मौके पर पुलिस और केंद्रीय बल तैनात’
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गोदाम के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान तैनात किए गए। भाजपा नेताओं ने कहा कि यह अकेली घटना नहीं है। चुनाव के बाद जिले के कई TMC नेताओं के घरों-परिसरों से सरकारी सामान मिलने के आरोप लग चुके हैं।
‘सरकारी योजनाओं पर उठे सवाल’
भाजपा का आरोप है कि आम लोगों के लिए आवंटित सामग्री को गोदामों में रखकर जनता को उसके लाभ से वंचित किया गया। इससे सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और संसाधनों के वितरण पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने इसे सरकारी संसाधनों के बड़े दुरुपयोग का मामला बताया।
TMC की चुप्पी, जांच के बाद ही होगा खुलासा
फिलहाल तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि बरामद सामग्री सरकारी थी या नहीं और उसे गोदाम में किस उद्देश्य से रखा गया था।
भाजपा ने चेतावनी दी है कि अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इलाके में राजनीतिक तनाव बना हुआ है।















