ममता बनर्जी ने दुर्गापुर में भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोला
दुर्गापुर। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने औद्योगिक शहर दुर्गापुर में भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सोमवार को सिटी सेंटर स्थित चतुरंग मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री ने भाजपा के ‘बुलडोजर’ वाले बयानों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि बंगाल की मिट्टी आंदोलन की मिट्टी है, यहां भाजपा के बुलडोजर चलाने के सपने को जनता मिट्टी में मिला देगी। ममता ने स्थानीय युवाओं को दरकिंडार कर बाहरी लोगों को घूस लेकर नौकरी देने की शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
ममता बनर्जी ने दुर्गापुर की 2 महत्वपूर्ण सीटों से तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशियों कवि दत्त और प्रदीप मजूमदार के लिए जनता का समर्थन मांगा। उन्होंने भाजपा पर ‘बाहरी’ कार्ड खेलते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी की रैलियों में स्थानीय लोग नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों से लाये गये लोग हैं।
ममता ने भाजपा के घोषणा पत्र पर भी हमला बोला और कहा कि बिहार और दिल्ली जैसे राजों में भाजपा ने अपने वादे पूरे नहीं किये, तो वे बंगाल की जनता से क्या वादा करेंगे। उन्होंने नौकरी में घूसखोरी पर भड़कीं और कहा कि हर हाल में स्थानीय युवाओं को ही नौकरी में प्राथमिकता देनी होगी।
भाजपा नेताओं द्वारा चुनाव के बाद बंगाल में ‘बुलडोजर’ चलाने के बयानों पर ममता ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा- वे भूल रहे हैं कि यह बंगाल है। यहां की संस्कृति में धर्म के नाम पर राजनीति नहीं होती। 4 मई के बाद जनता भाजपा को विदा कर देगी। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर भाजपा का विरोध करने की अपील की।
सभा में टीएमसी के सांसद कीर्ति आजाद, मंत्री मलय घटक, दिग्गज नेता नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती, हरेराम सिंह, अपूर्व मुखर्जी, वी शिवदासन और अनिंदिता मुखर्जी के अलावा भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।












