विधानसभा चुनाव से पहले बाराबनी में पोस्टर वॉर: टीएमसी प्रत्याशी बिधान उपाध्याय के फ्लेक्स फाड़े, टीएमसी-बीजेपी में तनातनी
आसनसोल । विधानसभा चुनाव महज एक सप्ताह बाकी है। वहीं शिल्पांचल की राजनीतिक फिजा गरमा गई है। बाराबनी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी बिधान उपाध्याय के पोस्टर और फ्लेक्स फाड़े जाने को लेकर मंगलवार को चिचुड़िया गांव के बाउड़ी पाड़ा इलाके में भारी तनाव फैल गया। इस घटना को लेकर सत्तारूढ़ और विपक्षी खेमे के बीच तीखी राजनीतिक खींचतान शुरू हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, बाराबनी के नूनी पंचायत के अंतर्गत चिचुड़िया गांव के बाउड़ी पाड़ा में तृणमूल प्रत्याशी बिधान उपाध्याय के समर्थन में कई फ्लेक्स लगाए गए थे। आरोप है कि सोमवार रात अज्ञात कुछ असामाजिक तत्वों ने उन सभी फ्लेक्स को फाड़कर फेंक दिया।
मंगलवार को मामला सामने आते ही तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी आक्रोश फैल गया। खबर मिलते ही नूनी ग्राम पंचायत के प्रधान माधव तिवारी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने इस घटना के लिए सीधे तौर पर बीजेपी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा, “बीजेपी इलाके में आतंक का माहौल बनाना चाहती है। हमारे प्रत्याशी का फ्लेक्स फाड़कर वह गंदी राजनीति कर रही है। लेकिन इस तरह बिधान उपाध्याय को रोका नहीं जा सकता। वह 40 से 50 हजार वोटों के अंतर से जीत हासिल करेंगे।”
उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर इस तरह की घटनाएं नहीं रुकीं, तो तृणमूल कार्यकर्ता भी नूनी मोड़ से लालगंज तक बीजेपी के सभी पोस्टर दिनदहाड़े फाड़ देंगे। स्थानीय तृणमूल कार्यकर्ता पबित्र राय ने कहा, “रात के अंधेरे का फायदा उठाकर यह काम किया गया है।”
दूसरी तरफ, बीजेपी की ओर से इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया गया है। भगवा खेमे का दावा है कि इस घटना से पार्टी का कोई भी व्यक्ति जुड़ा हुआ नहीं है।
चुनाव से ठीक पहले फ्लेक्स फाड़ने की घटना से बाराबनी का राजनीतिक पारा और चढ़ गया है।












