पानागढ़ में खालसा साजना दिवस और बैसाखी पर भव्य आयोजन: 15 श्रद्धालुओं ने लिया अमृत, 25 यूनिट रक्तदान
दुर्गापुर । खालसा पंथ के 327वें साजना दिवस और बैसाखी के पावन अवसर पर आसनसोल सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और सिख वेलफेयर सोसाइटी आसनसोल के संयुक्त तत्वावधान में पनागढ़ बाजार स्थित गुरु नानक गुरुद्वारा में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
*अमृत संचार और रक्तदान शिविर का आयोजन*
धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित अमृत संचार में 15 श्रद्धालुओं ने अमृत पान कर सिख पंथ में प्रवेश किया। इसके साथ ही गुरुद्वारा परिसर में रक्तदान शिविर भी लगाया गया, जिसमें 25 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में संगत ने गुरु का लंगर छका।
*”गरीब दा मुंह गुरु दी गोलक” की भावना से सेवा*
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए सुरजीत सिंह मक्कड़ ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पनागढ़ गुरुद्वारा साहिब में खालसा साजना दिवस मनाया गया। उन्होंने कहा, “यह महान कार्यक्रम ‘गरीब दा मुंह गुरु दी गोलक’ की भावना के तहत संगत के दसवंद से संपन्न होता है। हमारी संस्था न केवल धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करती है, बल्कि रक्तदान शिविर, आई कैंप, हेल्थ कैंप, जरूरतमंदों को किताबें और स्कूल फीस में सहायता जैसे सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती है।”
*14 वर्षों में 1900 यूनिट रक्तदान*
आयोजकों के अनुसार, पिछले 14 वर्षों में इस तरह के आयोजनों के माध्यम से अब तक लगभग 1900 यूनिट रक्तदान किया जा चुका है, जबकि 500 से अधिक संगत अमृत पान कर सिख पंथ में शामिल हो चुके हैं।
*ये रहे मौजूद*
इस अवसर पर जसपाल सिंह, हरबंश सिंह, निक्की सिंह, हरजीत सिंह सहित अन्य सदस्य व बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रहे।












