अंडाल में सनसनी: ट्यूशन से लौट रहे 12वीं के छात्र पर बदमाशों का हमला, स्कूटी रोककर छीनीं सोने की अंगूठियां
अंडाल, 7 जून। ट्यूशन से घर लौटते समय अंडाल ग्राम मोड़ पर 12वीं कक्षा के छात्र को बदमाशों ने घेर लिया। शनिवार रात 10 बजे हुई इस घटना में बदमाशों ने छात्र की स्कूटी रोककर मारपीट की और हाथ से दो सोने की अंगूठियां छीन लीं। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
स्कूटी छीनने में नाकाम रहे, तो लूट ली अंगूठियां
पीड़ित छात्र सूर्य शेखर पांडे ने बताया, “रात 10 बजे कुछ लोगों ने अचानक स्कूटी रोक ली। बोले- सड़क के बीच से क्यों आ रहे हो। चाबी छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर हाथ से दो अंगूठियां छीनकर भाग गए। मैं किसी तरह जान बचाकर भागा।” घर पहुंचकर उसने मां पूर्वा पांडे को पूरी बात बताई। 
सीसीटीवी फुटेज से होगी पहचान
सूचना पर अंडाल पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरा लगा मिला, जिसमें वारदात रिकॉर्ड हुई है। पुलिस ने फुटेज जब्त कर बदमाशों की पहचान शुरू कर दी है। रविवार सुबह पूर्वा पांडे ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
‘चालू सड़क पर ऐसी वारदात चिंताजनक’: मां
पूर्वा पांडे ने कहा, यह इलाके के शराबियों और असामाजिक तत्वों का काम है। रात 10 बजे चालू सड़क पर ऐसी घटना बहुत चिंताजनक है। आज मेरे बेटे के साथ हुआ, कल किसी महिला के साथ हो सकता है। पुलिस को गंभीरता से लेना चाहिए।”
बीजेपी नेता बोले- ‘पुलिस गश्त बढ़ाए’
पांडे परिवार अंडाल का प्रतिष्ठित व्यापारी परिवार है और भाजपा के उच्च नेतृत्व का करीबी माना जाता है। घटना पर भाजपा जिला नेता रवींद्रनाथ राय ने कहा, “पहली सरकार में जो हुआ सो हुआ, इस सरकार में बर्दाश्त नहीं होगा। पुलिस को सक्रिय होना पड़ेगा। इलाके में शराब की दुकान है, इसलिए शाम के बाद गश्त बढ़ाएं। सीसीटीवी देखकर बदमाशों को गिरफ्तार करें।”
पुलिस: ‘जांच जारी’
पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की जा रही है।















